कटनी। शहर के गोल बाजार रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला में महंत श्री धरमराज पाठक जी की मंडली के कलाकारों ने दशरथ मरण, भरत मिलाप तथा चित्रकूट में कोल-भीलों के नृत्य और संवाद का शानदार मंचन किया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन देखने के लिए रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
भगवान श्रीराम के वनवास के वियोग में राजा दशरथ के प्राण त्यागने का प्रसंग देखकर दर्शक भावुक हो उठे। वहीं, भरत मिलाप के प्रसंग ने भाई-भाई के प्रेम, त्याग और समर्पण का संदेश दिया। चित्रकूट में कोल-भीलों के नृत्य और संवाद ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्री अशोक विश्वकर्मा, पदाधिकारी श्री भरत अग्रवाल, उपाध्यक्ष रवि खरे एवं शरद अग्रवाल सहित रामजी यादव, धर्मेंद्र तिवारी, सचिन तिवारी, अंतिम गुप्ता, रोहित सेन, तपन निषाद, पत्रकार मुकेश तिवारी, पत्रकार अनिल तिवारी, राहुल उपाध्याय, अंकुश रजक, रणवीर कर्ण, कौशलेश मिश्रा, पारस जैन, मनोज बाझल, अजय माली और अमृतलाल बर्मन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गोल बाजार रामलीला में दशरथ मरण, भरत मिलाप और कोल-भीलों के नृत्य का शानदार मंचन रामलीला मैदान में उमड़ी दर्शकों की भीड़, भावुक हुए श्रद्धालु

