कटनी। खाकी वर्दी केवल कानून-व्यवस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता की पहचान भी है। इसका उदाहरण कटनी यातायात पुलिस के दो जवानों ने पेश किया। जिला चिकित्सालय जा रही एक गर्भवती महिला की कार चौराहे के बीच अचानक बंद हो गई। ऐसे में यातायात पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला की मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
जानकारी के अनुसार, गर्भवती महिला को लेकर उसके परिजन कार से जिला चिकित्सालय जा रहे थे। इसी दौरान चौराहे के बीच कार बंद हो गई, जिससे महिला और उसके परिजन परेशान हो गए। साथ ही चौराहे पर यातायात बाधित होने की स्थिति बन गई। मौके पर ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिस के दोनों जवानों ने तत्काल कार को धक्का देकर सड़क किनारे कराया, ताकि यातायात सुचारु बना रहे। इसके बाद ऑटो की व्यवस्था कर गर्भवती महिला और उसके परिजनों को जिला चिकित्सालय के लिए रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय/यातायात) रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस व्यवस्था संभालने के साथ आम नागरिकों की सहायता के लिए भी तत्पर है।
दोनों जवानों ने जरूरत के समय मदद कर यह संदेश दिया कि पुलिस का कर्तव्य केवल कानून का पालन कराना ही नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में आम नागरिकों के साथ खड़े रहना भी है। यातायात पुलिस के जवानों की इस संवेदनशील पहल की सराहना की जा रही है।
गर्भवती महिला के लिए देवदूत बने यातायात पुलिस के जवान, कार खराब होने पर की मदद

