निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में परिषद की बैठक आयोजित, नियम 17 के तहत पार्षदों के प्रश्नों पर हुई चर्चा एल्डरमैन अम्बरीश वर्मा ने छात्र अक्षत सिंह यादव के नाम पर गली का नामकरण और पं. दयाराम शास्त्री की स्मृति में प्रवेश द्वार बनाने का प्रस्ताव रखा

कटनी। नगर पालिक निगम के सभाकक्ष में बुधवार को निगम अध्यक्ष मनीष पाठक की अध्यक्षता में परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में नवनियुक्त एल्डरमैनों का सदन के सदस्यों से परिचय कराया गया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
बैठक में नियम 17 के अंतर्गत पार्षदों ने जनहित और शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। इन पर पार्षदों और विभागीय अधिकारियों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने संबंधित अधिकारियों को पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अक्षत सिंह यादव के नाम पर गली का नामकरण करने का प्रस्ताव
बैठक में नवनियुक्त एल्डरमैन अम्बरीश वर्मा ‘अम्बू’ ने मानवीय संवेदनाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने दिल्ली के सत्यनिकेतन भवन हादसे में असमय काल के गाल में समाए कटनी के 19 वर्षीय होनहार छात्र स्व. अक्षत सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके गृह क्षेत्र पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 17 के तुलसी नगर में दुबे कॉलोनी के पीछे स्थित गली का नामकरण उनके नाम पर करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही राजीव गांधी वार्ड क्रमांक 14 में श्री सत्यनारायण मंदिर के सामने स्थित मार्ग पर स्व. पं. दयाराम शास्त्री के सामाजिक योगदान और धार्मिक कार्यों के सम्मान में उनके शिष्यों के निजी सहयोग से स्मृति प्रवेश द्वार बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इस विषय को श्रीमती प्रेमवती डब्बू रजक और एल्डरमैन अम्बरीश वर्मा ने प्रमुखता से उठाया।
दोनों प्रस्तावों के माध्यम से दिवंगत विभूतियों के योगदान को सम्मान देने और उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने की मांग की गई। बैठक में इन प्रस्तावों पर सदन ने सहमति जताई।
शेष एजेंडे पर अगली बैठक में होगी चर्चा
परिषद की बैठक में शेष एजेंडे के सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने उन्हें आगामी बैठक में रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शेष विषयों और विकास कार्यों पर अगली बैठक में विस्तार से चर्चा की जाएगी, ताकि शहर के विकास से जुड़े निर्णय पारदर्शिता और जनहित को ध्यान में रखकर लिए जा सकें।
स्व. आशुतोष शुक्ला को दी श्रद्धांजलि
बैठक के अंतिम चरण में नवनियुक्त एल्डरमैन, कटनी के वरिष्ठ पत्रकार एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी स्व. आशुतोष शुक्ला के असामयिक निधन पर सदन ने शोक व्यक्त किया। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सदस्यों ने दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)