ओवरलोडिंग पर खनिज विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चार हाईवा से 11.30 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

कटनी। ओवरलोडिंग के खिलाफ खनिज विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार हाईवा वाहनों से कुल 11 लाख 30 हजार 878 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से ओवरलोडिंग करने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को खनिज विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए डस्ट, गिट्टी एवं रेत से लोड चार हाईवा वाहनों को जब्त किया था। सभी वाहनों को थाना यातायात, कटनी में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया था। इसके बाद 28 अक्टूबर को खनिज विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों पर कुल 11,30,878 रुपये का जुर्माना वसूल किया।
इन वाहनों से वसूला गया जुर्माना
कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक CG04PG5857 से 4 लाख 54 हजार रुपये, CG04NX1857 से 28 हजार 700 रुपये, CG04PJ1397 से 4 लाख 55 हजार रुपये तथा MP20ZN8799 से 1 लाख 93 हजार 178 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
संयुक्त कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में खनिज अधिकारी आर.के. दीक्षित, कमलेश परस्ते एवं खनिज विभाग के स्टाफ तथा यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह और पुलिस स्टाफ के समन्वय से की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)