पुरानी रंजिश में डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला, आरोपी लल्ला पंडित 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास से कोतवाली पुलिस ने दबोचा, लूटी गई सोने की चेन, चैननुमा पंच और चाकू बरामद

कटनी। पुरानी रंजिश के चलते डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला कर सोने की चेन लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फरियादी की लूटी गई सोने की चेन, वारदात में प्रयुक्त लोहे की चैननुमा पंच और एक धारदार चाकू बरामद किया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना भी सामने आया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को सुख्खन चौक निवासी दूध डेयरी संचालक किशोर तोमर (कांचकार), उम्र 57 वर्ष, पर जालपा मढ़िया के पास एक गली में पुरानी रंजिश को लेकर हमला किया गया था। आरोप है कि हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित ने घात लगाकर फरियादी पर ईंट-पत्थर और लोहे की चैन से हमला किया, जिससे उनके सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान आरोपी फरियादी के गले में पहनी सोने की चेन भी लूटकर फरार हो गया था।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1209/26, धारा 296(बी), 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया है और ट्रेन से बाहर भागने की फिराक में है। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल जबलपुर रवाना हुई। मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान एवं हुलिए के आधार पर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित को अभिरक्षा में ले लिया गया।
लूटी गई सोने की चेन और हथियार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से फरियादी की लूटी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त लोहे की चैननुमा पंच तथा एक धारदार चाकू बरामद कर जप्त किया है। आरोपी को थाना कोतवाली लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
आरोपी के विरुद्ध 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हर्ष द्विवेदी उर्फ लल्ला पंडित थाना क्षेत्र का आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व से 11 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध होना पाए गए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी एवं बरामदगी में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय सहित उपनिरीक्षक लेख सिंह परिहार, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद पैकरा, प्रधान आरक्षक अनुराग सोनकर, अजय दुबे, अनिल सेंगर, वीरेंद्र प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी, पुष्पराज सिंह तथा आरक्षक अजय प्रताप, अमित सिंह, उपेंद्र सिंह एवं दीपक तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)