गूंजेगा कौमी एकता का पैगाम, पीर बाबा उर्स मेले में एक साथ जुटेंगे सभी धर्मों के लोग

कटनी।। शहर की गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे की मिसाल बनने जा रहा हज़रत इशाह दाता चिश्ती र.अ. का उर्स मुबारक 2026 इस बार पूरे नगर में कौमी एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देगा। कटनी के पीर बाबा उर्स मेले में 10 और 11 मई को आयोजित होने वाले कव्वाली कार्यक्रमों में हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई सहित सभी समाजों के लोग एक साथ शामिल होकर प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देंगे।
उर्स आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि शहर की साझा संस्कृति और सद्भाव की पहचान है। वर्षों से यह मेला नगरवासियों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करता आया है, जहां धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत और मोहब्बत को महत्व दिया जाता है।
कार्यक्रम के तहत 10 मई की रात्रि प्रसिद्ध कव्वालों द्वारा सूफियाना कलाम पेश किए जाएंगे, वहीं 11 मई को भी कव्वाली और महफिल-ए-समां का आयोजन होगा। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जायरीन के पहुंचने की संभावना है।
उर्स समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में शामिल होकर भाईचारे, अमन और एकता की परंपरा को मजबूत करें। शहर के सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भी इस आयोजन को कटनी की सांस्कृतिक विरासत बताते हुए स्वागत किया है।
कटनी में हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उर्स मेला इस बात का प्रतीक बन चुका है कि अलग-अलग धर्मों और समुदायों के लोग जब साथ आते हैं, तो समाज में प्रेम, विश्वास और सौहार्द की नई मिसाल कायम होती है। पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप सैयद फहीम अशरफ साहब, पीर बाबा कमेटी अध्यक्ष तनवीर खान(तन्नू ), अज्जू भाई जान, अनवर भाईजान तौफीक भाईजान,सोनू भाईजान, काजी वसीमखान,हैप्पी भाईजान,मोनू भाईजान,हाजी हबीब सहित कमेटी अन्य सदस्यों की उपस्थिति रही।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)