*’शांतिनगर बना जन-चेतना का पथ’: सांसद श्री शर्मा, महापौर श्रीमती सूरी की मौजूदगी में उमंग और उल्लास से संपन्न हुआ राहगीरी डे का दसवां संस्करण नो-व्हीकल जोन’ में थमे पहिए, चला स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता का कारवां सांसद श्री शर्मा ने दिलाई स्वच्छता शपथ, बच्चों की पेंटिंग से बुजुर्गों के योग तक गूंजा ‘मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी’ का नाद*

कटनी – स्वच्छ भारत मिशन को जन-आंदोलन में परिवर्तित करने के निगम प्रशासन के संकल्प को साकार करते हुए ‘राहगीरी डे कटनी कैंपेन’ का दसवां संस्करण रविवार को खजुराहो लोकसभा सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा की विशिष्ट मौजूदगी तथा महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी,निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार एवं क्षेत्रीय पार्षद सुमन राजू माखीजा की उपस्थिति में हेमू कालाणी वार्ड स्थित शांतिनगर मार्ग पर ऐतिहासिक जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम प्रारंभ होने के कुछ ही घंटों के लिए वाहनों से मुक्त हुई सड़क पर जब स्वच्छता की शपथ, स्वास्थ्य का उत्सव और सामाजिक एकता का संगम दिखाई दिया, तब यह आयोजन महज एक कार्यक्रम न रहकर ‘जागरूक कटनी’ की जीवंत तस्वीर बन गया।

*जनसैलाब का साक्षी बना शांतिनगर*

प्रातः 7 बजे से ही शांतिनगर मार्ग नागरिकों के उत्साह से सराबोर हो गया। ‘नो-व्हीकल जोन’ घोषित इस मार्ग पर बच्चों ने पेंटिंग, सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी रचनात्मकता दिखाई तो युवाओं ने जुंबा, रस्सा कशी, हॉर्स राइडिंग, एयर गन के निशाने से ऊर्जा का संचार किया। वरिष्ठ नागरिकों ने योग एवं प्राणायाम के माध्यम से ‘स्वस्थ नागरिक ही स्वच्छ शहर की पहचान’ का संदेश दिया। सांप-सीढ़ी, पिट्टू, लंगड़ी चम्मच-नींबू दौड़ मटकी फोड़ जैसे पारंपरिक खेलों ने तीन पीढ़ियों को एक सूत्र में पिरो दिया।

*प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन*

सांसद श्री शर्मा ने रस्सी खींच, मटकी फोड़ सांप सीढ़ी प्रतियोगिता में सहभागिता की। वहीं नींबू चम्मच दौड़, एयर गन, पंज लड़ाओ प्रतियोगिता का लुत्फ उठाकर पेंटिंग के माध्यम से स्वच्छ कटनी का संदेश दे रही नन्नी मुन्नी बच्चियों का उत्साह वर्धन भी किया। सांसद श्री शर्मा ने नागरिकों के इस उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि जब समाज का हर वर्ग स्वच्छता के लिए सड़क पर उतरता है, तभी ‘स्वच्छ सर्वेक्षण’ में शीर्ष स्थान की परिकल्पना साकार होती है।
कार्यक्रम के दौरान कुंदन दास स्कूल की छात्राओं द्वारा देवा श्री गणेशाय एवं स्वच्छ भारत का इरादा कर लिया हमने के गीत पर सांस्कृतिक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।

*निगम प्रशासन के प्रयास सराहनीय: संसद श्री शर्मा*

सांसद श्री शर्मा ने राहगीरी डे के आयोजन हेतु निगम प्रशासन की टीम को बधाई देते हुए कहा कि राहगीरी डे निगम प्रशासन का बहुत ही अनुभव प्रयास है,जिसमें स्वास्थ और स्वच्छता का संदेश विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से दिया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने निगम प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

*सांसद श्री शर्मा ने दिलाई स्वच्छता की शपथ*

सांसद श्री शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकों की जागरूकता के कारण ही इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर बना है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के स्वच्छता के संकल्प को धरातल में उतारने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला निरंतर प्रयासरत है। सांसद श्री शर्मा ने विशाल जनसमूह को स्वच्छता की शपथ दिलाकर आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण हेतु अपने घर-आंगन के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों एक पेड़ मां के नाम पौधे का रोपण अवश्य करें।

*तुलसी और कपड़े के थैले से दिया हरित संदेश*

समापन सत्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं शहर की स्वच्छता व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने वाले ‘स्वच्छता मित्रों’ को सांसद, महापौर एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को शेश पहनाकर तुलसी का पौधा एवं कपड़े का थैला भेंट कर ‘हरित कटनी’ का संदेश दिया गया।

*फोर बिन से इको-ब्रिक्स तक, नुक्कड़ नाटक से मैजिक शो तक चला जागरूकता का कारवां’*

राहगीरी डे का मूल उद्देश्य ‘मनोरंजन के साथ मिशन’ को स्वच्छता से जोड़ना था। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सिंगल-यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभाव एवं कपड़े के थैले के उपयोग हेतु प्रेरित किया गया। ‘फोर बिन मॉडल’ के लाइव डेमो से गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण की व्यवहारिक सीख दी गई। प्लास्टिक बोतलों से इको-ब्रिक्स बनाने की प्रक्रिया ने ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की संकल्पना को स्पष्ट किया।

‘राहगीरी डे’ के दसवें संस्करण ने पुनः सिद्ध किया कि स्वच्छता केवल निगम का दायित्व नहीं, बल्कि जन-सहभागिता से चलने वाला महाअभियान है। जब पूरा शहर एक स्वर में ‘मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी’ का उद्घोष करता है, तब ‘गार्बेज फ्री एवं स्वस्थ कटनी’ का लक्ष्य स्वतः ही निकट आ जाता है।

*इनकी रही विशेष मौजूदगी*

इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, उमेंद्र अहिरवार, जय नारायण निषाद, बीना संजय बैनर्जी, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी,पार्षद रेखा संजय तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद राजू माखीजा, विजय डब्बू रजक, ऋचा गेलानी, भाजपा नेत्री अंकिता तिवारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों, निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, उपयुक्त श्री शैलेश गुप्ता, श्रीमती प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री आसित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, नोडल अधिकारी आदेश जैन सहित समाजसेवी, चिकित्सक, उद्योगपति सहित नगर निगम के अधिकारी- कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)