जीआरपी कटनी का बड़ा खुलासा, अंतरजिला चोर गिरोह गिरफ्तार 10.30 लाख रुपये के चोरी के सोने के जेवरात बरामद, पांच आरोपी सलाखों के पीछे

कटनी। ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले एक सक्रिय राज्य स्तरीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए जीआरपी कटनी ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 लाख 30 हजार 848 रुपये मूल्य के चोरी किए गए सोने के जेवरात बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर सुन्दर सिंह कनेश के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल कटनी विजय गोठरिया के मार्गदर्शन में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में शरद उर्फ गोलू झारिया, अमित सिंह खगार, सौरभ कुल्हाडा, राहुल ठाकुर और हर्ष खगार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से रेल यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
लाखों के जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का हार, तीन मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमके, एक जोड़ी टॉप्स, दो सोने की अंगूठियां तथा एक सोने की बाली बरामद की है। बरामद आभूषणों की कुल कीमत 10,30,848 रुपये आंकी गई है।
दो आरोपी निकले निगरानी बदमाश
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरोह के दो मुख्य आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है। दोनों जीआरपी थाना कटनी के निगरानी बदमाश हैं और उनके खिलाफ पहले से कई चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
टीम को मिलेगा पुरस्कार
पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल मरावी, सहायक उपनिरीक्षक सुशील सिंह, प्रधान आरक्षक राघवेन्द्र शर्मा, प्रवीण तिवारी, हरस्वरूप शर्मा, सागर उपाध्याय, आरक्षक सुनील परस्ते, धर्मेन्द्र गुप्ता, रवि पुरोहित, नारायण मिश्रा, रहस्य जंघेला, सहायक उपनिरीक्षक रवि मांझी सहित जीआरपी एवं आरपीएफ कटनी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस उल्लेखनीय सफलता पर रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर ने कार्रवाई में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)