शासकीय कन्या महाविद्यालय में कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को किया गया नमन

कटनी।शासकीय कन्या महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायी एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को कारगिल युद्ध के गौरवशाली इतिहास, भारतीय सेना के अदम्य साहस तथा वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान से परिचित कराना था। कार्यक्रम के प्रारंभ में छात्राओं को कारगिल युद्ध पर आधारित एक प्रेरक डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध की ऐतिहासिक घटनाओं, भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, कठिन परिस्थितियों में लड़े गए संघर्ष तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के त्याग एवं बलिदान को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसे देखकर छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति एवं वीर सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना और अधिक प्रबल हुई। डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण भीम बर्मन के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने अपने उद्बोधन में कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस भारतीय सैनिकों के अद्वितीय साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करें और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएँ। कार्यक्रम में नागेंद्र यादव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम एवं बलिदान का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर योद्धाओं का त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके अद्वितीय साहस और राष्ट्रप्रेम के कारण ही भारत ने विजय प्राप्त कर विश्व के समक्ष अपनी शक्ति और संकल्प का परिचय दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)