कटनी-नगर में जल निकासी एवं सुगम आवागमन से जुड़ी नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को रामकृष्ण परमहंस वार्ड, निर्मल धाम सहित मंगल नगर क्षेत्र का निरीक्षण किया।महापौर ने विभिन्न क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया तथा नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं परेशानियों की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान नागरिकों द्वारा जल निकासी, मार्गों पर आवागमन एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से महापौर को अवगत कराया गया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ तत्काल वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा मौके की वास्तविक स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती शकुंतला सोनी सहित संबंधित उपयंत्री एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

