कटनी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर कटनी पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी अजाक शिवा पाठक ने शहर के प्रमुख मंदिरों एवं आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लक्ष्मी नारायण मंदिर, श्री सत्य नारायण मंदिर सहित प्रमुख आयोजन स्थलों और निर्धारित जुलूस मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग तथा जुलूस के दौरान संभावित यातायात दबाव वाले स्थानों को चिन्हित किया गया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने आयोजन मंडल के पदाधिकारियों से भी चर्चा कर समन्वय के साथ जन्माष्टमी महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह, निरीक्षक सुरेन्द्र शर्मा, शशिभूषण दुबे, किशोर कुमार द्विवेदी सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ शहर में सुगम यातायात और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना है।
जन्माष्टमी को लेकर पुलिस ने संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की कमान

