कटनी। भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय एवं विश्व बैंक समर्थित RAMP योजना के अंतर्गत लघु उद्योग भारती द्वारा जिला पंचायत कार्यालय के मीटिंग हॉल में 1 एवं 2 सितंबर को दो दिवसीय कंपोजिट वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने के साथ अधिक से अधिक महिला उद्यमियों को तैयार करना और युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित करना रहा।
कार्यशाला के प्रथम दिवस जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती ज्योति सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए उद्यमिता विकास की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
प्रथम दिवस स्व-सहायता समूहों एवं उद्यमियों को ZED सर्टिफिकेशन, ESG एवं RECP अवेयरनेस, SHG फॉर्मलाइजेशन एवं उद्यमिता विकास, GI अवेयरनेस, TEAM इनिशिएटिव एवं ONDC सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
साइबर जागरूकता से लेकर स्टार्टअप नीति तक दी जानकारी
दूसरे दिन कार्यशाला का शुभारंभ लघु उद्योग निगम भोपाल के अध्यक्ष श्री सत्येंद्र सिंह राठौड़, लघु उद्योग भारती महाकौशल अंचल के अध्यक्ष श्री अनिल वासवानी, हरि सिंह भदौरिया, मुरलीधर रत्नानी सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों एवं आईटीआई छात्रों को “साइबर जागरूकता 2.0” के माध्यम से साइबर अपराधों से बचाव एवं सतर्कता के संबंध में जानकारी दी। वहीं न्यू स्टार्टअप पॉलिसी, एमएसएमई वित्तीय जागरूकता, ऋण एवं वित्तीय योजनाओं, बैंकिंग सहायता तथा RAMP योजना सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की।
लघु उद्योग निगम भोपाल के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह राठौड़ ने उद्यमियों एवं युवाओं को अपने आसपास उपलब्ध स्थानीय उत्पादों को व्यवसाय से जोड़कर स्वरोजगार बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय नौकरी देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
हर विकासखंड में ऐसे आयोजन की जरूरत
कार्यशाला के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने विभिन्न पंचायतों एवं आईटीआई से आए विद्यार्थियों तथा उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रशासन एवं लघु उद्योग भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं का आयोजन जिले के प्रत्येक विकासखंड में होना चाहिए, ताकि कटनी जिला स्वरोजगार और स्वावलंबन के क्षेत्र में अग्रणी बन सके।
कार्यक्रम का संचालन अमित सिंघई एवं निलेश विश्वकर्मा ने किया। महिला इकाई से प्रिया सोनी, श्वेता सिंघई, रश्मि जैन, आकांक्षा केसरी एवं अपर्णा गौर तथा पुरुष इकाई से राजकुमार असरानी, रॉकी राजपलानी, ईशान जैन, राहुल जैन एवं प्रभांशु वैश्य सहित विभिन्न संगठनों के उद्यमी एवं शासकीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
दो दिवसीय कंपोजिट वर्कशॉप का आयोजन, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर

