मंदिर चोरी का पुलिस ने किया पर्दाफाश, चांदी का मुकुट बरामद चोरी करने वाला और माल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

कटनी। पुरानी कचहरी परिसर स्थित हनुमान मंदिर में 28 अगस्त को हुई चांदी के मुकुट की चोरी का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने चोरी गया करीब 25 हजार रुपये कीमत का चांदी का मुकुट बरामद करते हुए चोरी करने वाले आरोपी पवन नामदेव (19) निवासी कैमोर तथा चोरी का माल खरीदने वाले धर्मेन्द्र सोनी (29) निवासी शिवनगर, कटनी को गिरफ्तार किया है। वहीं घटना में शामिल लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन निवासी बरही फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को मंदिर के पुजारी अनंत राम मिश्रा के पुत्र संस्कार मिश्रा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोपहर करीब 2 बजे मंदिर पहुंचने पर अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और हनुमानजी का चांदी का मुकुट गायब था। मंदिर के बगल की खिड़की की जाली टूटी हुई मिली। मामले में अपराध क्रमांक 950/26, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान चुनौती बनी हुई थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध युवक मंदिर के आसपास रैकी करते दिखाई दिए। हुलिए के आधार पर तलाश के दौरान पुलिस को सराफा बाजार में पवन नामदेव संदिग्ध अवस्था में मिला।
पूछताछ में पवन ने अपने साथी लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन के साथ मिलकर मंदिर की खिड़की की जाली तोड़कर चांदी का मुकुट चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि मुकुट उसके साथी द्वारा सराफा बाजार के धर्मेन्द्र सोनी को 15 हजार रुपये में बेचा गया था, जिसमें उसे 5 हजार रुपये मिले थे।
सराफा कारोबारी से बरामद हुआ मुकुट
पवन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने सराफा बाजार पहुंचकर धर्मेन्द्र सोनी को अभिरक्षा में लिया। उसके कब्जे से चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के हिस्से में आए 5 हजार रुपये में से शेष 1,500 रुपये भी नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी लेखराज उर्फ मयूर उर्फ भूरा बेन थाना बरही का निगरानी बदमाश बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अजाक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस टीम के प्र.आर. नितिन जायसवाल सहित वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, आरक्षक दीपक तिवारी, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह एवं रोहित राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)