पिकअप चोरी के कुछ घंटों बाद जंगल से बरामद हुआ 7.50 लाख का वाहन निवार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अज्ञात आरोपी की तलाश जारी

कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र में पिकअप वाहन चोरी के मामले में चौकी निवार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी गए करीब 7.50 लाख रुपए कीमत के पिकअप वाहन को घटना के कुछ ही घंटों बाद ग्राम बिछिया के जंगल से बरामद कर लिया। हालांकि वाहन चोरी करने वाले आरोपी का अब तक सुराग नहीं लग सका है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार लखनवारा निवासी आशीष मौर्य पिता रामचंद्र मौर्य ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका पिकअप वाहन क्रमांक MP 20 ZG 4527 पहलवान ढाबा के सामने सड़क किनारे खड़ा था। 8 और 9 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति वाहन चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 936/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने वाहन की तलाश और पतासाजी शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को चोरी गया पिकअप वाहन ग्राम बिछिया के जंगल में मिल गया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया। वाहन की पहचान वाहन मालिक और साक्षियों द्वारा की गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में हुई कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी निवार सउनि अंजनी कुमार मिश्र, सउनि राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति, आरक्षक अरविंद एवं आरक्षक वकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी की तलाश के साथ मामले की विवेचना जारी है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)