आंगनबाड़ी केंद्र में नन्हे-मुन्ने राधा-कृष्ण ने मोहा मन, समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी का हुआ सम्मान

कटनी। मध्यप्रदेश शासन की योजनाओं के तहत जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं राधा-कृष्ण उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में सेक्टर क्रमांक-3, आचार्य विनोबा वार्ड क्रमांक-15 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 55, 56 एवं 200 के संयुक्त संयोजन में नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने राधा-कृष्ण के विभिन्न रूपों में सजकर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मोहक छवि और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन जीत लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी रहीं। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नन्हे राधा-कृष्ण स्वरूप बच्चों पर पुष्पवर्षा, रोली-तिलक एवं आरती कर किया गया। इसके बाद उपस्थित प्रतिभागियों को बिस्किट, टॉफी, पेन-पेंसिल एवं मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों ने इसके बाद एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सालय की लैब टेक्नीशियन अधिकारी तृप्ति दुबे का जन्मोत्सव भी राधा-कृष्ण स्वरूप बच्चों के हाथों केक कटवाकर मनाया गया। वहीं समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनहितैषी कार्यों के लिए उनका आत्मीय सम्मान किया गया। सुपरवाइजर निधि पटेल, आशा कार्यकर्ता मालती चौधरी एवं लवली नामदेव ने रोली-तिलक लगाकर श्रीफल एवं कलम भेंट कर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता करूणा विश्वकर्मा, दीक्षा मिश्रा, सहायिका गुलाब बाई रजक, विमला चौधरी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, बच्चों एवं अभिभावकों की गरिमामय उपस्थिति रही। बच्चों की प्रस्तुतियों और उत्साह से पूरा वातावरण कृष्णमय नजर आया। अंत में सभी ने मिलकर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी से सुख-समृद्धि की कामना की।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)