कटनी।ढीमरखेड़ा मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ की ढीमरखेड़ा ब्लॉक स्तरीय बैठक शनिवार को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम ने की। जिला कार्यकारिणी की सहमति से जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके ने विभिन्न पदों पर नियुक्तियां करते हुए संगठन की कार्यकारिणी का विस्तार किया।
इस दौरान जितेंद्र मिश्रा को ब्लॉक अध्यक्ष, सदानंद कोल को जिला कार्यकारिणी सचिव, नीलेश पौराणिक को उपाध्यक्ष तथा सुजीत शुक्ला को संगठन सचिव मनोनीत किया गया। नव नियुक्त पदाधिकारियों का संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वागत करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें सीपीसीटी परीक्षा संबंधी आदेश जारी करने, पदोन्नति आदेश जारी करने के लिए विभागीय समिति गठित करने, जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री बैठक आयोजित करने तथा तहसील स्तर पर विभागीय परामर्शदात्री बैठक आयोजित करने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा राजस्व विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के समयमान वेतनमान के आदेश शीघ्र जारी करने, कार्यभारित एवं आकस्मिक निधि कर्मचारियों को नियमित पदस्थापना देने तथा दैनिक वेतनभोगी, स्थाई कर्मी एवं अंशकालीन रसोइया बहनों की मांगों पर भी चर्चा की गई। मांगों के निराकरण के लिए पत्राचार एवं ज्ञापन कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में मनोज श्रीवास, सौरभ सिंह, राकेश जसूजा, धर्मेंद्र, सदानंद कोल, अनिल पांडेय, जितेंद्र मिश्रा, नीलेश पौराणिक, सुजीत शुक्ला, जनमेजय रजक, आशीष बर्मन, उमेश पुरी, उमेश सेन, सुधाकर उपाध्याय, सुंदर लोधी, कृष्ण कुमार सेन, रामप्रकाश रैदास, यशवंत प्रताप सिंह, प्रदीप सिंह परते, देवानंद वर्मा, भागीरथ सिंह, आलोक शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में कर्मचारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और अपनी मांगों के निराकरण के लिए एकजुट होकर सहयोग करने का संकल्प लिया।
लघु वेतन कर्मचारी संघ की ढीमरखेड़ा ब्लॉक बैठक आयोजित, कार्यकारिणी का विस्तार

