निराश्रित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने 70 सिलाई मशीनों का वितरण सतगुरु बाबा माधवशाह सेवा मंडल का सेवा कार्य जारी, ‘मानव सेवा ही सच्चा धर्म’ का दिया संदेश

कटनी। “हरे माधव दयाल की दया, मानव सेवा ही सच्चा धर्म” की भावना के साथ सतगुरु बाबा माधवशाह सेवा मंडल द्वारा निराश्रित एवं जरूरतमंद परिवारों की सेवा का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी क्रम में बाबा माधवशाह भवन में सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी के पावन सानिध्य में जरूरतमंद माताओं-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में वर्ष 2026 में सिलाई मशीन के लिए आवेदन करने वाली जरूरतमंद माताओं-बहनों में से पात्रता एवं योग्यता के आधार पर चयनित 70 महिलाओं को सिलाई मशीनें प्रदान की गईं। प्रथम चरण में 13 माताओं-बहनों को सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी के श्रीहस्त से सिलाई मशीन प्रदान की गईं, जबकि शेष महिलाओं को समाज के प्रबुद्ध समाजसेवियों द्वारा मशीनें वितरित की गईं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर भी पात्रता के आधार पर शीघ्र मशीन उपलब्ध कराने की बात कही गई।
सतगुरु बाबा माधवशाह सेवा मंडल की स्थापना वर्ष 1960 में सतगुरु बाबा नारायणशाह साहिब जी द्वारा निराश्रित परिवारों के पालन-पोषण एवं उत्थान के उद्देश्य से की गई थी। मंडल द्वारा आज भी विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। संस्था की ओर से प्रतिमाह 200 से अधिक निराश्रित परिवारों को उनकी सदस्य संख्या के आधार पर गेहूं, आटा, चावल, दाल, नमक, शक्कर, किराना सामग्री, मसाले, सर्फ-साबुन, टोस्ट, बिस्कुट एवं नमकीन सहित करीब 20 प्रकार की सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों को समय-समय पर बर्तन, डोंगा सेट, स्टील टिफिन, बाल्टी, कंबल, चादर, चटाई, पानी की टंकी, कपड़े एवं चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। बच्चों की शिक्षा के लिए कॉपियां-किताबें तथा दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी प्रदान की जाती हैं। समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए नि:शुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रखने की जानकारी भी दी गई।
सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जरूरतमंद महिलाओं को केवल सहायता उपलब्ध कराना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें हुनर और रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना भी सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सिलाई मशीन मिलने से महिलाएं घर पर ही काम कर अपनी आजीविका का साधन विकसित कर सकेंगी।
सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी ने सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दूसरों के दुख-दर्द में सहयोग करने और उनके जख्मों पर मरहम लगाने से मानव जीवन सार्थक होता है। जरूरतमंदों की सहायता से मिलने वाली दुआएं सेवा करने वाले के जीवन में सुख और संतोष का आधार बनती हैं। उन्होंने सभी से मानव सेवा को जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बनाने का आह्वान किया।
मंडल के सेवाकार्यों से जुड़े लोगों ने बताया कि सतगुरु साहिबानों की प्रेरणा से लंबे समय से निराश्रित परिवारों के उत्थान के लिए विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। माधवनगर क्षेत्र के विकास और सामाजिक उत्थान में भी इन सेवा गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)