स्वास्थ्य सेमिनार में पोषण और जनस्वास्थ्य पर विशेषज्ञ ने दिया मार्गदर्शन

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को स्वास्थ्य एवं जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को विशेष स्वास्थ्य सेमिनार का आयोजन किया गया। बैंगलोर से आए मेडिकल डॉक्टर एवं पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डॉ. देवजी पाटिल ने सेमिनार के दोनों सत्रों में प्रतिभागियों से सीधा संवाद कर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
सेमिनार में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, मेयर-इन-काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, उपायुक्त प्रियंका झारिया सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक नगर निगम कार्यालय के एमआईसी हॉल में आयोजित किया गया। इसमें केसीएस स्कूल की छात्राओं, अभिभावकों, प्राचार्य एवं स्टाफ ने सहभागिता की। डॉ. पाटिल ने छात्राओं एवं अभिभावकों से संवाद करते हुए उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और दैनिक जीवन की चुनौतियों को जाना। प्रतिभागियों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनका उनकी पढ़ाई और दिनचर्या पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में विशेषज्ञ ने आवश्यक सुझाव दिए।
दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक स्वामी विवेकानंद सभागार, बस स्टैंड ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। इसमें निगम के जनप्रतिनिधियों के साथ विद्यार्थी, प्राचार्य, शिक्षक एवं अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विशेषज्ञ ने प्रतिभागियों की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जनस्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।
पोषण को बताया स्वस्थ जीवन का आधार
डॉ. देवजी पाटिल ने बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित एवं पोषक आहार को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शरीर को स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखने के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की पर्याप्त मात्रा मिलना जरूरी है। उन्होंने दैनिक खान-पान में पोषक तत्वों के संतुलित समावेश, उनकी भूमिका और आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने प्रतिभागियों से अपनी दिनचर्या एवं खान-पान पर ध्यान देने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय रहते आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की। सेमिनार में प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने उपयोगी मार्गदर्शन के माध्यम से समाधान किया। नगर निगम के इस आयोजन से विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य, पोषण और जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी मिली।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)