कटनी।माधवनगर पूर्ण विदेही मुक्त संत परम श्रद्धेय सतगुरु बाबा माधवशाह एवं सतगुरु बाबा नारायणशाह साहिब जी के पावन स्मरण में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला दो दिवसीय हरेमाधव वर्सी पर्व इस वर्ष 9 एवं 10 अक्टूबर को माधवनगर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को हरेमाधव दरबार साहिब माधवनगर में जीवनमुक्त सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी के पावन सानिध्य में आम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कटनी एवं माधवनगर के विभिन्न समाजसेवी संगठनों, संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। हरेमाधव परमार्थ सत्संग समिति के सेवादारों ने वर्सी पर्व के कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं एवं आयोजन के उद्देश्य की जानकारी दी। विभिन्न संस्थाओं ने आयोजन के दौरान अपनी-अपनी सेवाओं की जिम्मेदारी भी ग्रहण की।
निकलेगी भव्य शोभायात्रा
9 अक्टूबर शुक्रवार को सुबह 8 बजे हरेमाधव दरबार साहिब से हाजिरां हजूर सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों के साथ निकलने वाली शोभायात्रा में पुष्पों से सुसज्जित रथ में सतगुरु साहिब विराजमान रहेंगे। शोभायात्रा में हरेमाधव परमार्थ सत्संग समिति के सेवादारों के साथ सिंधु नवजवान मंडल द्वारा भी प्रस्तुतियां दी जाएंगी। शोभायात्रा सत्संग स्थल बाबा माधवशाह चिकित्सालय के सामने स्थित हरेमाधव दरबार प्रांगण पहुंचेगी।
इसके बाद सुसज्जित पंडाल में सत्संग एवं कीर्तन का आयोजन होगा। 9 अक्टूबर की शाम 7 बजे से सत्संग, शब्द-कीर्तन एवं भजन रागों का गायन होगा। वहीं 10 अक्टूबर शनिवार को सुबह 11 बजे से सतगुरु सांई ईश्वरशाह साहिब जी द्वारा अमृत वर्षा के साथ हरेमाधव आध्यात्मिक सत्संग होगा। इसके पश्चात आम भंडारा (हरेमाधव ब्रह्म भोज) आयोजित किया जाएगा।
विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे नि:शुल्क सेवाएं
वर्सी पर्व के अवसर पर बाबा माधवशाह चिकित्सालय में नागपुर, जबलपुर एवं रायपुर से आने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क विशेष चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। चिकित्सालय में उपलब्ध दवाइयां भी नि:शुल्क वितरित की जाएंगी। इसकी व्यवस्था बाबा माधवशाह चिकित्सालय संचालन समिति माधवनगर द्वारा की जा रही है।
विभिन्न संस्थाओं ने संभाली जिम्मेदारी
आयोजन की व्यवस्थाओं में हरेमाधव कारसेवक, सिंधु नौजवान मंडल, मप्र युवा सिंधी समाज, किराना व्यापारी संघ, बाबा मनोहर शाह सेवा मंडल, राइस मिल एसोसिएशन, डायमंड क्रिकेट क्लब, मुनीब एसोसिएशन, झूलेलाल सेवा मंडल, वस्त्र विक्रेता संघ, बाबा गोविंदशाह सेवा मंडल, स्टेशनरी विक्रेता संघ, सिंधी शिक्षक संघ, मेन बाजार व्यापारी संघ सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों ने सेवाकार्य की जिम्मेदारियां ग्रहण की हैं।
श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था
वर्सी पर्व में देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए उनके ठहरने के लिए शहर के विभिन्न धर्मशालाओं, भवनों, स्कूलों, होटल एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर व्यवस्था की गई है। इनमें बाबा माधवशाह भवन, बाबा नारायणशाह भवन, सतगुरु बाबा मनोहरशाह भवन, सिंधु भवन कैरिन लाइन, डायमंड इंग्लिश स्कूल, श्री पंजाबी सनातन धर्मशाला, बाबा आत्माराम धर्मशाला, सिंधु सदन, बाबा नारायणशाह मैरिज गार्डन, गुरुनानक धर्मशाला, अर्जुन पैलेस एवं टीजीएस होटल सहित अन्य स्थान शामिल हैं।
माधवनगर रोड स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था
वर्सी पर्व को देखते हुए माधवनगर रोड रेलवे स्टेशन पर 8, 9, 10 एवं 11 अक्टूबर को नियमित ट्रेनों के अलावा दूरगामी ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था के लिए पश्चिम मध्य रेलवे मंडल जबलपुर से प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी बैठक में दी गई। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
हरेमाधव वर्सी पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न 9 व 10 अक्टूबर को होगा दो दिवसीय आयोजन, देशभर से पहुंचेंगे श्रद्धालु

