बप्पा की प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों का महापौर ने लिया जायजा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए निर्देश

कटनी। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण अनुकूल विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने निगम अधिकारियों एवं अमले के साथ गाटर घाट, हनुमान घाट, माई नदी घाट सहित विभिन्न कृत्रिम विसर्जन कुंडों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थलवार व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने कृत्रिम विसर्जन कुंडों, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और प्रत्येक स्थल पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
सफाई और निर्माल्य संकलन पर जोर
महापौर ने विसर्जन स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सफाई अमला तैनात रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए सफाई व्यवस्था लगातार बनी रहनी चाहिए। पूजा सामग्री एवं निर्माल्य के लिए अलग से संकलन व्यवस्था रखने तथा विसर्जन के बाद तत्काल सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पूजा सामग्री एवं निर्माल्य को विसर्जन कुंड या जलस्रोतों में न डालें, बल्कि निगम द्वारा संचालित पूजा स्पेशल वाहन में ही दें, ताकि उसका उचित संकलन एवं प्रबंधन किया जा सके।
सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था रहे दुरुस्त
महापौर ने श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। देर शाम तक होने वाले विसर्जन को देखते हुए कृत्रिम कुंडों तक पहुंचने वाले मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया।
महापौर श्रीमती सूरी ने नागरिकों से नदी, तालाब एवं अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में प्रतिमाओं का विसर्जन न करने तथा निगम द्वारा निर्धारित कृत्रिम एवं चलित विसर्जन कुंडों का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और नागरिकों की सुविधा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को विसर्जन से पहले सभी स्थलों का पुनः निरीक्षण करने तथा विसर्जन के दिन भी मैदानी अमले के साथ लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद सीमा श्रीवास्तव, वंदना यादव सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)