घर के पास होगा गणेश प्रतिमा विसर्जन, 8 स्थानों पर चलित विसर्जन कुंड घाटों पर भीड़ रोकने और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने निगम की अभिनव पहल

कटनी। अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नगर पालिक निगम कटनी ने इस वर्ष अभिनव पहल की है। निगम द्वारा शहर के प्रमुख क्षेत्रों में ट्रैक्टर-ट्रॉली में निर्मित चलित विसर्जन कुंड की व्यवस्था की जाएगी। इससे श्रद्धालु अपने घर के नजदीक ही गणेश प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन कर सकेंगे।
निगम प्रशासन के अनुसार शहर के आठ प्रमुख स्थानों पर विसर्जन वाहन खड़े किए जाएंगे। इनमें मानसरोवर कॉलोनी तिराहा (अमीरगंज तालाब के पास), कटायेघाट, हीरागंज नई बस्ती, सुभाष चौक, सिविल लाइन, पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, दुर्गा चौक एवं पन्ना मोड़ शामिल हैं। निगम की टीमें निर्धारित समय पर इन वाहनों को संबंधित क्षेत्रों में पहुंचाएंगी।
घाटों पर भीड़ होगी नियंत्रित
निगम की इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं को दूरस्थ घाटों तक जाने से राहत देने के साथ ही विसर्जन घाटों पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करना है। चलित विसर्जन कुंड में प्रतिमाओं एवं पूजन सामग्री का विसर्जन होने से इनके नदी-तालाबों में जाने की संभावना भी कम होगी, जिससे जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलेगी। साथ ही यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में भी सुविधा होगी।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नगरवासियों, गणेश उत्सव समितियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि अनंत चतुर्दशी के दिन अपने नजदीकी निर्धारित स्थल पर पहुंचकर चलित विसर्जन कुंड में ही गणेश प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन करें। निगम ने नागरिकों से आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)