कटनी मार्बल की होगी ब्रांडिंग, जीआई टैगिंग के लिए होंगे प्रयास मार्बल एसोसिएशन गठित कर जीआई टैग के लिए आवेदन करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत ग्राम पंचायत गुदरी में आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी ने कटनी के मार्बल को देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान दिलाने की दिशा में पहल की। उन्होंने कटनी मार्बल की प्रभावी ब्रांडिंग करने के साथ ही जीआई टैगिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले के मार्बल की विशेषताओं को व्यापक पहचान दिलाने के लिए प्रशासन और उद्यमियों को समन्वय के साथ प्रयास करना होगा।
कलेक्टर ने महाप्रबंधक उद्योग ज्योति सिंह को निर्देश दिए कि जिले के मार्बल उद्यमियों को एकजुट कर मार्बल एसोसिएशन का गठन एवं पंजीयन कराया जाए। इसके बाद एसोसिएशन के माध्यम से जीआई टैग प्राप्त करने के लिए आवेदन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में जिला प्रशासन की ओर से उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उद्यमियों ने बताईं समस्याएं
उद्यमी संवाद के दौरान मार्बल उद्योग से जुड़े उद्यमियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव कलेक्टर के समक्ष रखे। उद्यमियों ने माइनिंग के डेडरेंट की दर कम करने, मार्बल माइंस के वेस्ट मटेरियल के लिए ईटीपी उपलब्ध कराने, जिले में बनने वाले नए भवनों में कटनी मार्बल के उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा कटनी स्टोन की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इसके अलावा पावर फीडर के कारण निर्बाध विद्युत आपूर्ति में आ रही समस्या और ई-खनिज पोर्टल के अपडेशन का विषय भी उद्यमियों ने रखा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर सहित उद्योग विभाग के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे। महाकौशल रिफैक्ट्रीज के संचालक अरविंद गुगालिया, पाल मार्बल से मुकेश पाल, श्री राम मार्बल से श्री तिवारी, समदरिया मार्बल से वेद दुबे, ओजस्वी मार्बल से विपिन तिवारी, शारदा मार्बल से रजनीश तथा डाल्फिन मार्बल से राकेश सिंह सहित अन्य उद्यमी मौजूद रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)