कटनी। अखिल भारतीय शिक्षा समागम 2026 ‘शिक्षा में विकसित भारत’ के अंतर्गत मंगलवार को शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में ‘शिक्षा में एआई का प्रभाव’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में आधुनिक तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ उनकी तार्किक एवं प्रभावी अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। पक्ष में रशिका राज (बीएससी प्रथम वर्ष), गोरी बहल (बीए तृतीय वर्ष) एवं जितेश्वरी दुबे (बीकॉम प्रथम वर्ष) ने तर्क प्रस्तुत किए। वहीं विपक्ष में आस्था तिवारी (बीएससी द्वितीय वर्ष), अरविया खान (बीए तृतीय वर्ष) एवं ईशा उपाध्याय (बीएससी द्वितीय वर्ष) ने प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे।
पक्ष में बोलते हुए छात्राओं ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिक्षा को अधिक सुगम, प्रभावी, व्यक्तिगत एवं तकनीक आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एआई के माध्यम से विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, विषय संबंधी जानकारी, भाषा अनुवाद, समस्या समाधान तथा व्यक्तिगत सीखने के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
वहीं विपक्ष में छात्राओं ने एआई के अत्यधिक उपयोग से जुड़ी चुनौतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग विवेकपूर्ण और संतुलित तरीके से किया जाना चाहिए। विद्यार्थियों में मौलिक चिंतन, रचनात्मकता और मानवीय मूल्यों को बनाए रखना भी आवश्यक है। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के बीच प्रश्नोत्तर एवं प्रतितर्क का प्रभावी आदान-प्रदान हुआ, जिससे कार्यक्रम ज्ञानवर्धक एवं रोचक बना।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता भविष्य की शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य मानव बुद्धिमत्ता का स्थान लेना नहीं, बल्कि शिक्षा को अधिक प्रभावी एवं नवाचारपूर्ण बनाना होना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को एआई का उपयोग जिम्मेदारी, नैतिकता और रचनात्मकता के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी छात्राओं को सक्रिय सहभागिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
शिक्षा में एआई के प्रभाव पर छात्राओं ने रखे तर्कपूर्ण विचार अखिल भारतीय शिक्षा समागम 2026 के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता

