बंजारी के पास पलटी यात्री बस, छात्रा की मौत, 8 गंभीर घायल हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने किया चक्काजाम, अनफिट बसों के संचालन पर उठाए सवाल

कटनी। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के बंजारी के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कक्षा 11वीं में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा शिवानी लोधी, पिता संतोष पटेल, निवासी पिपरा की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में करीब 20 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिनका विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
बस पलटते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक स्तर पर भी घायलों के उपचार की व्यवस्था की गई।
छात्रा की मौत से भड़का आक्रोश, सड़क पर लगाया जाम
हादसे में छात्रा की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने विजयराघवगढ़ अस्पताल के बाहर विजयराघवगढ़-कटनी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर अनफिट बसों के संचालन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे वाहनों से यात्रियों की जान खतरे में पड़ रही है। उन्होंने बसों की फिटनेस जांच और यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। हादसे के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)