कटनी। वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत एवं सीवर कार्य के बाद रेस्टोरेशन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शनिवार देर शाम शहर के विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बरगवां मुख्य मार्ग, सागर पुलिया से कटाएघाट मार्ग तथा जगन्नाथ चौक से पन्ना मोड़ मार्ग पर चल रहे मरम्मत कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, मृदुल श्रीवास्तव, उपयंत्री हिमांशु गौतम सहित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निगमायुक्त ने बरगवां मुख्य मार्ग पर डामर से गड्ढों की फिलिंग तथा सागर पुलिया से कटाएघाट मुख्य मार्ग पर चल रहे रोड रेस्टोरेशन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता और लेवल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कटनी साउथ सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर चल रहे रेस्टोरेशन एवं पेचवर्क कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने को कहा, ताकि नवरात्रि पर्व के दौरान नागरिकों और श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
जगन्नाथ चौक से पन्ना मोड़ मार्ग होगा व्यवस्थित
निगमायुक्त ने अधिकारियों के साथ जगन्नाथ चौक से पन्ना मोड़ मुख्य मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान कृष्णा कोल्ड स्टोरेज, बस स्टैंड के समीप तथा चंडिका नगर हनुमान मंदिर के पास सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गड्ढों की फिलिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि इस मार्ग की चौड़ाई पर्याप्त है। जरूरत इसे बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने की है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने मुख्य मार्ग के किनारे नगर निगम के नाले के ऊपर किए गए अनाधिकृत अतिक्रमण को हटाने, दुकानदारों की सीमाएं निर्धारित करने तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बस स्टैंड तक पैदल आने-जाने वाले यात्रियों और नागरिकों की सुविधा के लिए पाथ-वे निर्माण तथा डिवाइडर को व्यवस्थित करने की कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने को कहा। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत एवं रेस्टोरेशन कार्यों में गुणवत्ता के साथ समय-सीमा का भी ध्यान रखा जाए, जिससे पर्व के दौरान शहरवासियों को आवागमन में परेशानी न हो।
सड़कों की मरम्मत में गुणवत्ता का रखें ध्यान, नवरात्रि से पहले पूरे हों कार्य जगन्नाथ चौक से पन्ना मोड़ मार्ग को व्यवस्थित करने के निर्देश, अतिक्रमण हटाकर पाथ-वे बनाने की होगी तैयारी

