कटनी। राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के तहत ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान का संदेश लेकर बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड से निकली राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली कटनी पहुंची। कटनी पुलिस द्वारा रैली में शामिल जवानों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं पुष्पवर्षा के माध्यम से जवानों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस और प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।
नशे के अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि कटनी पुलिस नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। उन्होंने नागरिकों से नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक रहने, युवाओं को नशे से दूर रखने और अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
नशामुक्त भारत के लिए जनभागीदारी जरूरी
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वर्तमान समय में नशे की लत समाज के लिए गंभीर चुनौती बन रही है। विशेष रूप से सूखे नशे का बढ़ता प्रचलन युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए नशामुक्त समाज का निर्माण आवश्यक है। यह लड़ाई केवल पुलिस और प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक, परिवार, शैक्षणिक संस्थान और युवा की साझा जिम्मेदारी है।
राष्ट्रीय एकता के साथ नशामुक्ति का संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के तहत निकाली गई मोटरसाइकिल रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कटनी पुलिस ने नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
नशामुक्ति का संदेश लेकर कटनी पहुंची राष्ट्रीय बाइक रैली, पुलिस ने किया स्वागत राष्ट्रीय एकता दिवस परेड-2026 के तहत ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान, कलेक्टर और एसपी ने नशे के खिलाफ जनभागीदारी पर दिया जोर

