साधूराम स्कूल में निगम कर्मचारी संघ ने स्थापित की मां दुर्गा की प्रतिमा महापौर प्रीति सूरी और निगमायुक्त तपस्या परिहार ने की पूजा-अर्चना, 56 वर्षों से जारी है दुर्गोत्सव की परंपरा

कटनी। नगर निगम कर्मचारी दुर्गोत्सव समिति द्वारा शनिवार शाम साधूराम स्कूल परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा विधि-विधान के साथ स्थापित की गई। इस अवसर पर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार (आईएएस) सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
प्रतिमा स्थापना के दौरान निगमायुक्त ने यजमान के रूप में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं निगम परिवार के सदस्यों ने माता के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। पूजन के साथ ही साधूराम स्कूल परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, पार्षद शकुंतला सोनी एवं रेखा संजय तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, अनुराग त्रिसोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
56 वर्षों से निभाई जा रही परंपरा
राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक ने बताया कि नगर निगम कर्मचारी दुर्गोत्सव समिति द्वारा वर्ष 1971 से लगातार दुर्गोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष आयोजन का 56वां वर्ष है। यह परंपरा निगम परिवार की आस्था, एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बन चुकी है। दुर्गोत्सव के माध्यम से धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ अधिकारी-कर्मचारियों के बीच आपसी सद्भाव और सहयोग को भी बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, विनोद सिंह चौहान, आलोक तिवारी, लवकुश तिवारी, सनीश रजक, पूर्व कर्मचारी संघ अध्यक्ष गणेश बिचपुरिया सहित निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
चार दिनों तक होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
समिति द्वारा दुर्गोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रविवार, 18 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी पर सुबह 9 बजे आरती एवं महाआरती होगी, जबकि शाम 7 बजे से हनुमान अंश फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।
सोमवार, 19 अक्टूबर को दुर्गा नवमी के अवसर पर सुबह 9 बजे आरती एवं महाआरती तथा शाम 7 बजे से भव्य जागरण आयोजित होगा। मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर सुबह 9 बजे आरती, 10 बजे हवन, दोपहर 1 बजे से कन्या भोज एवं भंडारा और शाम 4 बजे प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा।
सपरिवार शामिल होने की अपील
नगर निगम कर्मचारी दुर्गोत्सव समिति ने जनप्रतिनिधियों, निगम के अधिकारी-कर्मचारियों एवं समस्त नगरवासियों से धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में सपरिवार शामिल होने की अपील की है। समिति ने सभी से मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त कर इस सामूहिक धार्मिक परंपरा में सहभागी बनने का आग्रह किया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)