कटनी। शहर के प्रमुख व्यापारिक एवं सांस्कृतिक केंद्र घंटाघर क्षेत्र को शनिवार को विकास कार्यों की दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक और वरिष्ठ पार्षद एडवोकेट मिथिलेश जैन की उपस्थिति में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया गया, वहीं घंटाघर रामलीला कमेटी के रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। लगभग 63 लाख 64 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस स्थायी रंगमंच से रामलीला के आयोजन को व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। इन कार्यों से जहां नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा, वहीं शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को भी मजबूती मिलेगी।
व्यापारिक क्षेत्र में नागरिकों को मिलेगी राहत
घंटाघर क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक, महिलाएं और आम नागरिक पहुंचते हैं। कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, गोल बाजार और हनुमानगंज सहित आसपास के क्षेत्रों में आने वाले लोगों को सुलभ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। इसके शुरू होने से बाजार क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और दैनिक आवश्यकताओं के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
50 वर्षों से अधिक पुरानी रामलीला को मिलेगा स्थायी मंच
घंटाघर रामलीला कमेटी द्वारा पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से रामलीला का मंचन कराया जा रहा है। अब तक स्थायी रंगमंच की कमी के कारण आयोजन के दौरान कलाकारों और आयोजकों को व्यवस्थागत परेशानियों का सामना करना पड़ता था। 63 लाख 64 हजार रुपये की लागत से प्रस्तावित रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन होने से वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में कदम बढ़ा है। निर्माण पूरा होने के बाद रामलीला के मंचन के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों को स्थायी आधार मिलेगा।
आठ स्थानों पर बनेंगे आधुनिक सुलभ शौचालय
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। घंटाघर जैसे प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र में सुलभ कॉम्प्लेक्स की सुविधा मिलने से व्यापारियों, महिलाओं और आम नागरिकों को लाभ होगा। उन्होंने बताया कि शहर में आठ स्थानों पर आधुनिक सुलभ शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिनका लोकार्पण जल्द किया जाएगा। नगर निगम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है।
विकास कार्यों से नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधा
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि घंटाघर क्षेत्र में दोनों कार्यों का विशेष महत्व है। सुलभ कॉम्प्लेक्स से बाजार आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी, जबकि स्थायी रंगमंच बनने से रामलीला का आयोजन बेहतर तरीके से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्य शहर की सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों की अपेक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वरिष्ठ पार्षद एडवोकेट मिथिलेश जैन ने दोनों कार्यों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सुलभ कॉम्प्लेक्स से व्यापारिक क्षेत्र में आने वाले नागरिकों को राहत मिलेगी, वहीं स्थायी रंगमंच बनने से दशकों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, एडवोकेट सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, घंटाघर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष राजाराम यादव, गोविंद सचदेवा, सराफा बाजार व्यापारी संघ के प्रतिनिधि आशीष सोनी, झंडा बाजार किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष अतुल सचदेवा, राजेंद्र तिवारी, रमेश सोनी, पूर्व पार्षद अरुण कन्नौजिया, लता कन्नौजिया, एडवोकेट केके शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, रामकृष्ण गट्टानी, बाला गट्टानी, सतीश बजाज, संदीप गुड्डू यादव, सत्यम चौहान और ओंकार बहरे सहित विभिन्न दलों के पार्षद, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
घंटाघर रामलीला को मिलेगा स्थायी मंच, 25 लाख से बने सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण महापौर प्रीति सूरी, निगमाध्यक्ष मनीष पाठक और वरिष्ठ पार्षद मिथिलेश जैन की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम, 63.64 लाख रुपये से बनेगा रामलीला रंगमंच

