कटनी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। रेत के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला टास्क फोर्स ने बड़वारा तहसील के चिह्नित रेत घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को जेसीबी मशीनों से खुदवाकर बंद कर दिया। कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से अवैध रेत परिवहन में लगे वाहनों की आवाजाही रोकने की पहल की गई है।
संयुक्त टीम ने चिह्नित घाटों पर की कार्रवाई
अवैध रेत उत्खनन की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़वारा क्षेत्र के विभिन्न रेत घाटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भुड़सा संगम घाट, नौवा घाट, विलायतखुर्द, देवरी और गुड़ाकला सहित अन्य चिह्नित घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों को जेसीबी मशीनों की मदद से खुदवाकर अवरुद्ध किया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य घाटों तक भारी वाहनों की पहुंच रोकना और अवैध रूप से रेत निकालकर परिवहन करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
अवैध कारोबार पर प्रशासन की पैनी नजर
जिला प्रशासन द्वारा जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन, परिवहन और अनधिकृत कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खनिज अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जांच एवं कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग के सहायक खनिज अधिकारी कमलकांत परस्ते एवं पवन कुशवाहा, बड़वारा तहसीलदार ऋषि गर्ग तथा थाना प्रभारी सुयश पांडे सहित प्रशासन और पुलिस विभाग का अमला मौजूद रहा।
अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, आधा दर्जन घाटों के रास्ते जेसीबी से किए बंद कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर टास्क फोर्स की कार्रवाई, अवैध उत्खनन व परिवहन पर लगेगी रोक

