कटनी। अग्रवाल नवयुवक मंडल कटनी एवं अग्रवाल महिला मंडल कटनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्री श्री 1008 महाराजा श्री अग्रसेन जी महाराज की जयंती महोत्सव का अष्टम दिवस शरद पूर्णिमा के अवसर पर भव्य एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन समारोह में रामायण पाठ, भजन-आरती, गरबा नृत्य एवं सांत्वना पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती ममता अग्रवाल (आधारकाप) रहीं, जबकि अध्यक्षता अग्रवाल महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती रीता अग्रवाल ने की। इस अवसर पर श्रीमती निमिषा अग्रवाल, श्रीमती अलका अग्रवाल, श्रीमती नीति अग्रवाल, श्रीमती रश्मि अग्रवाल एवं श्रीमती पायल अग्रवाल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा महाराजा श्री अग्रसेन जी की आरती की।
इसके पश्चात अग्रवाल महिला रामायण मंडल द्वारा रामायण पाठ एवं भजनों की प्रस्तुति दी गई। महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों एवं प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सांत्वना पुरस्कार श्री शिवप्रसाद, श्री यशकांत अग्रवाल, श्रीमती उमा रतन अग्रवाल, श्रीमती ममता अनंतराम अग्रवाल, श्री राजकुमार रोहित अग्रवाल एवं श्री रोहिताश अग्रवाल द्वारा प्रदान किए गए। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष श्री पवन मित्तल की ओर से मित्तल परिवार द्वारा विशेष सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, स्व. प्रकाशचंद अग्रवाल की स्मृति में छात्र-छात्राओं का सम्मान आदित्यप्रकाश एवं हर्षवर्धन अग्रवाल द्वारा किया गया।
इसी क्रम में शिवाजी अखाड़ा के उस्ताद खलीफा का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। अखाड़े में अस्त्र-शस्त्र एवं शक्ति प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
गरबा नृत्य में छात्राओं और महिलाओं ने दिखाया हुनर
समारोह का प्रमुख आकर्षण गरबा नृत्य रहा, जिसकी शुरुआत गणेश वंदना एवं देवी गीत से हुई। गरबा प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया गया। प्रथम वर्ग में छात्राओं तथा द्वितीय वर्ग में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने आकर्षक वेशभूषा, शानदार कदमों एवं ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रामायण पाठ, भजन-आरती और गरबा नृत्य के साथ श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव का समापन गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां, प्रतियोगियों एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को किया सम्मानित

