कटनी।आपका सारथी कौन’ अभियान के तहत ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को वितरित किए गए QR कोड एवं चालक बैच सुरक्षित, व्यवस्थित एवं भरोसेमंद यातायात व्यवस्था के लिए यातायात पुलिस की अभिनव पहल अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं डॉ. संतोष डेहरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना यातायात कटनी द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं जनहितकारी बनाने हेतु ‘आपका सारथी कौन’ अभियान निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में संचालित ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की पहचान सुनिश्चित करना, उनकी जवाबदेही तय करना तथा आम नागरिकों एवं यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी एवं भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।इसी क्रम में आज थाना यातायात कटनी में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को विशेष QR कोड एवं चालक बैच वितरित किए गए। यह QR कोड व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा एवं पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। QR कोड स्कैन करने पर संबंधित चालक एवं वाहन की आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी, जिससे यात्रियों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना और अधिक सुदृढ़ होगी।कार्यक्रम के दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर, सुबेदार सोनम उइके एवं यातायात स्टाफ द्वारा सभी चालकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। चालकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों के समस्त वैध दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, परमिट एवं अन्य आवश्यक अभिलेख अद्यतन एवं पूर्ण रखें तथा सदैव यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन संचालित करें।
इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने कहा कि —
“ऑटो एवं ई-रिक्शा चालक शहर की यातायात व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। यात्रियों की सुरक्षा एवं सम्मानजनक सफर सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी चालक नियमों का पालन करेंगे, तो दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनेगी। हमारा उद्देश्य केवल वैधानिक कार्यवाही करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक एवं यात्री को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाना है। ‘आपका सारथी कौन’ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। QR कोड एवं चालक बैच व्यवस्था से जहां चालकों की पहचान एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी, वहीं आमजन, विशेषकर मातृशक्ति एवं महिला यात्रियों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी। यातायात पुलिस शहर में सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करने हेतु निरंतर कार्यरत है तथा इसमें वाहन चालकों एवं आम नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।”कार्यक्रम के दौरान चालकों को मित्रवत एवं व्यवहारिक तरीके से यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया। उन्हें समझाइश दी गई कि निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं।
शराब अथवा नशे की स्थिति में वाहन संचालन न करें।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
अचानक वाहन रोककर सवारी न बैठाएं अथवा न उतारें।
किसी मोड़, चौराहे अथवा व्यस्त मार्ग पर सवारी चढ़ाने-उतारने से बचें, जिससे अन्य वाहन चालकों एवं यात्रियों को असुविधा एवं दुर्घटना की संभावना उत्पन्न न हो।
यात्रियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें। यातायात संकेतों, पार्किंग व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।
यातायात पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता एवं जनसहभागिता आधारित अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे, ताकि कटनी शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आदर्श यातायात व्यवस्था वाला शहर बनाया जा सके।

