158 बकरा-बकरियों का क्रूरतापूर्वक परिवहन करते चार गिरफ्तार कुठला पुलिस ने ट्रक किया जब्त, पशुओं की कीमत करीब तीन लाख रुपये

कटनी। कुठला थाना पुलिस ने पशुओं के अवैध एवं क्रूरतापूर्वक परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 158 बकरा-बकरियों को बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पशुओं को ले जा रहे ट्रक क्रमांक MP20XB8464 को भी जब्त किया है। बरामद पशुओं की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त ट्रक में बकरा-बकरियों को क्षमता से अधिक संख्या में भरकर पटेहरा की ओर से कटनी लाया जा रहा है। सूचना पर कुठला पुलिस टीम ने देवडोगरा मोड़ पर घेराबंदी कर ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में 158 बकरा-बकरियां भूखे-प्यासे एवं क्रूरतापूर्वक भरे पाए गए। पशुओं के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज अथवा अनुज्ञापत्र भी प्रस्तुत नहीं किया गया। पूछताछ में पशुओं को हैदराबाद ले जाना बताया गया।
मौके से पुलिस ने ट्रक चालक अफसर उर्फ राजा पिता स्व. असगर शाह (32), निवासी स्लीमनाबाद, बल्लू वर्मन पिता भगवानदास वर्मन (34), निवासी कन्हवारा, रजी पिता आसिफ खान (18), निवासी बरंगवा तथा सुनील कुशवाहा पिता रामाधार कुशवाहा (35), निवासी हरदुआ को पकड़ा।
पुलिस ने 158 बकरा-बकरियों एवं ट्रक को विधिवत जब्त कर पशुओं को सुरक्षित देखरेख के लिए हिफाजतनामा पर सुपुर्द किया तथा उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। मामले में अपराध क्रमांक 742/26 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में एएसआई तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक केशव मिश्रा, सुनील पाण्डेय, आरक्षक शिशिर पाण्डेय सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)