कटनी। शहर में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगर निगम कटनी ने महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप नगर निगम परिषद द्वारा भवनों में सौर ऊर्जा उपकरण लगाने वाले भवन स्वामियों को वार्षिक संपत्ति कर में 5 प्रतिशत तक की छूट देने का निर्णय लिया गया है।
निगम प्रशासन के अनुसार, जिन भवन स्वामियों द्वारा अपने भवन पर सौर ऊर्जा उपकरण स्थापित किए गए हैं, उन्हें छूट का लाभ लेने के लिए सौर ऊर्जा उपकरण स्थापित होने संबंधी आवश्यक दस्तावेज नगर निगम की राजस्व शाखा में जमा कराने होंगे। दस्तावेजों के परीक्षण एवं पात्रता सुनिश्चित होने के बाद संबंधित वित्तीय वर्ष के देय संपत्ति कर में नियमानुसार 5 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की है। निगम का कहना है कि सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं, संपत्ति कर में मिलने वाली छूट नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन देगी। निगम की यह पहल शहर को स्वच्छ, हरित और सतत ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी।
सौर ऊर्जा अपनाने पर संपत्ति कर में मिलेगी 5 प्रतिशत तक की छूट नगर निगम की पहल, पर्यावरण संरक्षण के साथ बिजली बचत को मिलेगा बढ़ावा

