*अमृत मिशन सीवरेज कार्य में लापरवाही पर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक सख्त संबंधित कंपनी को जांच उपरांत ब्लैक लिस्ट किए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने आयुक्त को लिखा पत्र*

कटनी – अमृत मिशन अंतर्गत नगर पालिक निगम कटनी सीमा क्षेत्र में सीवर लाइन के चल रहे कार्य में लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने सख्त रुख अपनाया है। निगम अध्यक्ष ने दिनांक 24 अगस्त 2026 को निगम आयुक्त को पत्र लिखकर संबंधित ठेकेदार/कंपनी द्वारा किए जा रहे कार्यों की जांच कर कंपनी को ब्लैक लिस्ट किए जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि नगर निगम सीमा अंतर्गत अमृत मिशन योजना के तहत जयंती सुपर कंस्ट्रक्शन कंपनी प्रा.लि. द्वारा सीवर लाइन का कार्य किया जा रहा है।

नगरीय सीमा में स्थान-स्थान पर गड्ढे खोदे गए हैं, जिनमें मानक अनुरूप कार्य नहीं कराया जा रहा है। इसके कारण आमजन को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।

उन्होंने पत्र में आगे उल्लेख किया है कि संबंधित ठेकेदार/कंपनी को कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा लगातार शिकायतें प्राप्त होने के बावजूद यदि लापरवाही जारी रहती है, तो ऐसी कार्यप्रणाली को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निगम अध्यक्ष ने आयुक्त को प्रेषित पत्र में उल्लेख करते हुए कहा है कि अमृत मिशन अंतर्गत सीवरेज लाइन के कार्य में संबंधित कंपनी द्वारा किए गए कार्यों की मध्यप्रदेश शासन की तृतीय एजेंसी से जांच कराकर,जांच में अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार/कंपनी को ब्लैक लिस्ट किए जाने की तत्काल कार्यवाही की जाए।

श्री पाठक ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण आम नागरिकों को परेशानी होती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)