जन्माष्टमी पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 180 श्रद्धालुओं का हुआ चेकअप श्रद्धालुओं को बरसात में होने वाली बीमारियों से बचाव की दी जानकारी, नि:शुल्क वितरित की गई दवाइयां

कटनी। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा और जनहित की भावना से समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में नि:शुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार केंद्र लगाया गया। सत्यनारायण मंदिर के सामने वरिष्ठ समाजसेवी राजकुमार सिंघानियां के निज निवास पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर का आयोजन नवजीवन हॉस्पिटल, सर्वधर्म जनसेवा मंच समिति एवं प्रधानमंत्री संजीवनी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
शिविर में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। करीब 180 लोगों का चेकअप किया गया, जबकि लगभग 50 से 70 लोगों का ब्लड प्रेशर (बीपी) परीक्षण किया गया। शिविर में बच्चों एवं बुजुर्गों को विशेष रूप से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया।
इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों और उनके अभिभावकों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। खांसी, दस्त, पेट दर्द, सर्दी-जुकाम, बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना एवं भूख न लगने जैसी सामान्य समस्याओं के लिए आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। बुजुर्गों को कमर व घुटनों के दर्द सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में भी परामर्श दिया गया।
समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी ने श्रद्धालुओं से आसपास साफ-सफाई रखने, घरों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बच्चों को सुरक्षित रखने की अपील की।
शिविर में डॉ. राहुल पांडेय, डॉ. आरएस साहू, सर्वधर्म जनसेवा मंच समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश सैनी, देवेंद्र कुमार दुबे, मेडिकल से धीरज वर्मा, देवेश दुबे तथा संजीवन हॉस्पिटल प्रेमनगर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी रिजवान खान का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर कटनी जिला ब्राह्मण समाज महिला अध्यक्ष डॉ. ऊषा पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष कल्पना दुबे, पूर्व नगर अध्यक्ष गीता पाठक, वार्ड पार्षद डब्बू रजक, नगर निगम एल्डरमैन वेंकट मिश्रा, प्रमिला दाहिना, मालती प्रजापति सहित अन्य लोगों ने शिविर में सहयोग प्रदान किया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस सेवा कार्य की श्रद्धालुओं ने सराहना की।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)