सीवर लाइन कार्य में लापरवाही का आरोप, निगम आयुक्त से जांच और कार्रवाई की मांग

कटनी। नगर पालिक निगम क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन बिछाने के कार्य को लेकर नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता ने निगम आयुक्त को शिकायत पत्र सौंपकर ठेका कंपनी के कार्यों की तकनीकी जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि सीवर लाइन कार्य के दौरान निर्धारित समय-सीमा और तकनीकी एवं निर्माण मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर सड़क खोदने के बाद लंबे समय तक पुनर्निर्माण नहीं होने से नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ स्थानों पर कटर मशीन का उपयोग किए बिना सड़क तोड़े जाने से आवश्यकता से अधिक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने सड़क पुनर्निर्माण में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, उचित भराव, लेयर-वाइज कंपैक्टिंग तथा क्युरिंग की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया का पालन नहीं होने पर भविष्य में सड़क धंसने, गड्ढे बनने और जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
शिकायत में सीवर कार्य के दौरान पानी की पाइप लाइनों, नालियों और पुलियों के क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा भी उठाया गया है। उन्होंने मांग की कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों का तत्काल सर्वे कराकर लीकेज दूर की जाए और पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। इसी तरह क्षतिग्रस्त नालियों एवं पुलियों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से पुनर्निर्माण कराया जाए।
रागिनी गुप्ता ने निगम आयुक्त से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों की तकनीकी टीम द्वारा सभी प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण कराया जाए। जहां भी कार्य निर्धारित मानकों के विपरीत पाया जाए, वहां ठेका कंपनी से अपने खर्च पर पुनः गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सीवर लाइन कार्य को चरणबद्ध और व्यवस्थित कार्ययोजना के अनुसार कराया जाए, ताकि एक स्थान का काम पूरा होने के बाद ही अगले स्थान पर कार्य शुरू हो और नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही कार्यस्थलों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
शिकायत में यह भी मांग की गई है कि कार्य में लापरवाही या अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित ठेका कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा सीवर लाइन एवं सड़क पुनर्निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जनहित में यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि सीवर लाइन कार्य के कारण सड़क, पेयजल, जल निकासी और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो तथा क्षतिग्रस्त सार्वजनिक संपत्ति को निर्धारित समय-सीमा में पूर्व से बेहतर स्थिति में पुनर्स्थापित कराया जाए।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)