कटनी। सागर जिले के बण्डा में जहरीली शराब की घटना के बाद कटनी में आबकारी विभाग सतर्क हो गया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले की शासकीय मदिरा दुकानों की सघन जांच और शराब के नमूनों की सैंपलिंग का अभियान चलाया जा रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती विभा मरकाम ने बताया कि पिछले दो दिनों से आबकारी विभाग की टीमें जिले की विभिन्न शासकीय मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर अलग-अलग ब्रांड की मदिरा के नमूने एकत्र कर रही हैं। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रविवार सहित अवकाश के दिनों में भी जांच और सैंपलिंग की कार्रवाई जारी रखी गई, ताकि जिले में मदिरा की गुणवत्ता को लेकर किसी भी तरह की आशंका न रहे।
विभाग द्वारा जिले में प्रचलित विभिन्न ब्रांडों के नमूने एकत्र किए गए हैं। दुकानों के निरीक्षण, सैंपलिंग और गुणवत्ता परीक्षण के साथ-साथ बिक्री व्यवस्था पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
क्यूआर कोड स्कैन कर जांचें शराब की जानकारी
आबकारी विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि मदिरा खरीदते समय बोतल पर अंकित क्यूआर कोड को अवश्य स्कैन करें। क्यूआर कोड के माध्यम से मैन्युफैक्चरिंग कंपनी का नाम, बिक्री वाले जिले का नाम, निर्माण की तारीख सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की पुष्टि की जा सकती है।
संदिग्ध शराब की सूचना तत्काल दें
विभाग ने नागरिकों से केवल शासकीय मदिरा दुकानों से ही शराब खरीदने की अपील की है। यदि शराब के स्वाद में असामान्य परिवर्तन, गंध या रंग में बदलाव अथवा मिलावट का संदेह हो तो उसका सेवन न करें और तत्काल आबकारी विभाग को सूचना दें।
शिकायत अथवा सूचना के लिए जिला आबकारी कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07622-231217 पर संपर्क किया जा सकता है।
बण्डा की घटना के बाद कटनी में आबकारी विभाग अलर्ट शराब दुकानों की सघन जांच, विभिन्न ब्रांडों के नमूने परीक्षण के लिए भेजे

