विद्युत तार की चपेट में युवक की मौत, 20 लाख मुआवजे की मांग युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने परिजनों से की मुलाकात, विद्युत विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम घंघरी खुर्द में झूलते विद्युत तार की चपेट में आने से 40 वर्षीय सुंदर पटेल की हुई दर्दनाक मौत के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने मृतक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। दिव्यांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण एक परिवार ने अपना सहारा खो दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में लंबे समय से नीचे झूल रहे और जर्जर विद्युत तारों की शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन समय रहते विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। यदि शिकायतों के बावजूद विद्युत लाइनों की मरम्मत और तारों को बदलने की कार्रवाई नहीं होती है और उनकी चपेट में आकर किसी की जान चली जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी तय होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कटनी जिले के कई क्षेत्रों में जर्जर एवं गुणवत्ताविहीन विद्युत तार आमजन के लिए खतरा बने हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मृतक सुंदर पटेल के परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा तत्काल प्रदान किया जाए। साथ ही घटना की जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मिश्रा ने जिलेभर की विद्युत लाइनों की तत्काल जांच कराने तथा जहां भी तार खतरनाक स्थिति में हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बदलने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को विकास कार्यों के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा को भी गंभीरता से लेना चाहिए।
उन्होंने क्षेत्रीय विधायक संदीप जायसवाल से भी क्षेत्र में व्याप्त विद्युत संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए प्रभावी पहल करने की मांग की। मिश्रा ने कहा कि एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई है, अब सरकार को जवाब देना होगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना होगा।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल पांडे एवं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)