कटनी। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने एक व्यक्ति को 4 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 9 अक्टूबर की दरमियानी रात विजयराघवगढ़ थाना पुलिस की टीम रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम हिनौता में महानदी के नवीन पुल के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक की बोरी लेकर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस वाहन देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर पूछताछ की। उसकी पहचान उत्तम पारधी (42), निवासी ग्राम खिरहनी, थाना बरही, जिला कटनी के रूप में हुई। उसके पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी की तलाशी लेने पर उसमें 4 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
इनकी रही भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जयराम साकेत एवं आरक्षक नीतेश सिंह की प्रमुख भूमिका रही।
विजयराघवगढ़ पुलिस ने 4 किलो गांजे के साथ आरोपी को पकड़ा 50 हजार रुपये कीमत का गांजा जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

