कटनी। अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन का 26वां राष्ट्रीय अधिवेशन 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को भोपाल के मानस भवन में आयोजित किया गया। दो दिवसीय अधिवेशन में देशभर से आए पदाधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कटनी की प्रीति सेन ने महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया।
अधिवेशन के प्रथम दिवस मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुशील कुमार पालो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। न्यायमूर्ति श्रीमती अंजली पालो एवं मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरिशंकर शुक्ल ने की।
अधिवेशन के दूसरे दिन मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री जीतू पटवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक श्री रजनीश सिंह, पूर्व विधायक श्री सुखेन्द्र सिंह बन्ना तथा मध्यप्रदेश सेवादल के मुख्य संगठक श्री अवनीश भार्गव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
तीन राज्यों को मिली ट्रॉफी
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों के चयन के लिए ओम भारद्वाज की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय चयन समिति गठित की गई। समिति में श्री अजय चौधरी, चितरंजन पर्वत, श्री राजेन्द्र सिंह बसवाल एवं श्रीमती शिवाकामी एस. शामिल रहे।
अधिवेशन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए तीन प्रदेशों को ट्रॉफी प्रदान की गई। इसमें छत्तीसगढ़ प्रदेश को प्रथम, पंजाब को द्वितीय तथा तमिलनाडु को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही दस प्रदेश अध्यक्षों और पांच महिला पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में प्रीति सेन प्रथम
महिला पदाधिकारियों की श्रेणी में कटनी की प्रीति सेन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। झारखंड की श्रीमती पुष्पा मिश्रा को द्वितीय तथा महाराष्ट्र की श्रीमती मंगला गरदे को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रीति सेन की इस उपलब्धि से कटनी जिले के संगठन पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल रहा।
कटनी के पदाधिकारियों को भी मिला सम्मान
राष्ट्रीय अधिवेशन में कटनी जिले से अध्यक्ष केएल पांडे, ओपी दुबे, डॉ. खान, राजेश बहरे, महिला अध्यक्ष प्रीति सेन, सुमन सैनी, उमा बहरे, आराधना तिवारी, सुशीला श्रीवास, सपना सेन, रितु मंडल, रीता चक्रवर्ती, राधना निषाद, शीतल पांडे, राजकुमारी गुप्ता, लक्ष्मी नारायण नामदेव, पीतांबर भैरवानी, राजेश प्रधान, धनवंतरी तथा कृष्ण कुमार केसरवानी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय अधिवेशन में उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों का सम्मान संगठन के कार्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही। कटनी की प्रीति सेन को महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार मिलने से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ।
राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रीति सेन ने बढ़ाया कटनी का मान, महिला वर्ग में मिला प्रथम पुरस्कार भोपाल में आयोजित अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के 26वें राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर के पदाधिकारियों का हुआ सम्मान

