बंजारी बस हादसे में किशोरी की मौत, 42 यात्री घायल कलेक्टर-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल, बेहतर उपचार के दिए निर्देश

कटनी। विजयराघवगढ़-बंजारी के पास शनिवार सुबह हुए भीषण बस हादसे में एक 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि 42 यात्री घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस क्रमांक एमपी-14-बीडी-0811 में सवार पिपरा निवासी 16 वर्षीय अनीता लोधी, पिता संतोष लोधी की हादसे में मृत्यु हो गई। दुर्घटना में घायल 42 यात्रियों को तत्काल सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। इनमें से 13 घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय कटनी रेफर किया गया।
गंभीर घायलों को तत्काल रेफर करने के निर्देश
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अस्पताल में भर्ती घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों को सभी मरीजों का बेहतर एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल मरीजों को आवश्यकता के अनुसार तत्काल जिला चिकित्सालय रेफर किया जाए, ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
घटनास्थल पर पहुंचकर अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीएम विजयराघवगढ़  प्रमोद चतुर्वेदी को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की।
आठ घायल अस्पताल में भर्ती
बीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि वर्तमान में आठ घायल सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में भर्ती हैं। अन्य घायलों को उपचार एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के बाद छुट्टी दे दी गई है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)