कटनी। नगर निगम द्वारा राम मनोहर लोहिया वार्ड क्रमांक 5 के अहमद नगर क्षेत्र में लगभग 80 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का गुरुवार को भूमिपूजन किया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य उमेंद्र अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सीसी रोड और आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों का शुभारंभ हुआ।
इन कार्यों के तहत अहमद नगर मुख्य मार्ग पर 66 लाख 47 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा, जबकि लगभग 13 लाख रुपये की लागत से आंगनबाड़ी भवन बनाया जाएगा। सड़क निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं आंगनबाड़ी भवन बनने से बच्चों की देखभाल, पोषण और बाल विकास संबंधी गतिविधियों के संचालन के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।
गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता: महापौर
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि सड़कें विकास का द्वार होती हैं। बेहतर सड़कें आम नागरिकों की दैनिक जरूरतों से जुड़ी हैं। बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचने और नागरिकों को अपने कार्यस्थल तक आने-जाने में सुविधा मिलती है। इसी उद्देश्य से नगर निगम द्वारा वार्डों की आवश्यकताओं के अनुसार सड़क निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है।
महापौर ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी विकास कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
लंबे समय से प्रतीक्षित कार्यों को मिली गति
क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य उमेंद्र अहिरवार ने कहा कि अहमद नगर में सीसी रोड और आंगनबाड़ी भवन निर्माण क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, समाजसेवी डॉ. सुनील द्विवेदी, विजय ठाकुर, नसीम खान, डॉ. खान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
नगर निगम के अनुसार, शहर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, आंगनबाड़ी भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। अहमद नगर में प्रस्तावित दोनों निर्माण कार्यों से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अहमद नगर में 80 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन, बनेगी सीसी रोड और आंगनबाड़ी भवन महापौर प्रीति सूरी बोलीं—निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता, पार्षद उमेंद्र अहिरवार ने जताया आभार

