कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में आयोजित अंतरमहाविद्यालयीन जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय रीठी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शासकीय तिलक महाविद्यालय, कटनी की टीम द्वितीय और मेजबान शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी की टीम तृतीय स्थान पर रही। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की 12 महिला टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने दमखम, अनुशासन और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन कर मुकाबलों को रोमांचक बनाया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शासकीय तिलक महाविद्यालय, कटनी की श्रद्धा कोरी को बेस्ट रेडर तथा शासकीय महाविद्यालय रीठी की प्रियंका ठाकुर को बेस्ट डिफेंडर के खिताब से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात एवं शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बाजपेयी ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और सिक्का उछालकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अतिथियों ने छात्राओं को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपने महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
विधायक जायसवाल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने छात्राओं से खेल गतिविधियों में निरंतर भागीदारी कर अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता का सफल संयोजन महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी नागेंद्र यादव ने किया। आयोजन की सफलता में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, निर्णायकों, कर्मचारियों और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में नागेंद्र यादव ने अतिथियों, प्राचार्यों, निर्णायकों, खिलाड़ियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। साथ ही छात्राओं में खेलों के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा मिला।
जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में रीठी महाविद्यालय ने मारी बाजी तिलक महाविद्यालय कटनी दूसरे और कन्या महाविद्यालय कटनी तीसरे स्थान पर रहा, विधायक संदीप जायसवाल ने किया खिलाड़ियों को सम्मानित

