कटनी। मिशन चौक पर श्री बजरंग उत्सव समिति के दशहरा महोत्सव से संबंधित होर्डिंग हटाए जाने का मामला गरमा गया है। रामलीला और रावण दहन कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए होर्डिंग हटाए जाने से नाराज समिति के सदस्यों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। मामले को लेकर बढ़ते विरोध के बीच नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने जांच कराकर संबंधित अधिकारी और उनकी टीम के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
समिति के विरोध प्रदर्शन के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। आयुक्त ने आश्वस्त किया है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अतिक्रमण अधिकारी मानवेंद्र सिंह और उनकी टीम के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। समिति की ओर से संबंधित अधिकारी और टीम को हटाने की मांग भी उठाई गई है।
फिलहाल निलंबन नहीं, जांच के बाद होगा निर्णय
मामले में अभी तक संबंधित अधिकारी के निलंबन की कार्रवाई नहीं हुई है। नगर निगम आयुक्त ने केवल जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब यह देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
धार्मिक आयोजन से जुड़े होर्डिंग हटाए जाने की घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल समिति की मांग और आयुक्त के आश्वासन के बाद पूरे मामले में नगर निगम प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
मिशन चौक पर धार्मिक होर्डिंग हटाने का मामला गरमाया, आयुक्त ने दिया कार्रवाई का आश्वासन बजरंग उत्सव समिति के प्रदर्शन के बाद हरकत में आया नगर निगम प्रशासन, जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

