कटनी। शहर के घंटाघर क्षेत्र में रामलीला कमेटी के रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में दोनों कार्यों को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मिथिलेश जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि घंटाघर रामलीला कमेटी द्वारा पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से रामलीला का मंचन कराया जा रहा है। स्थायी रंगमंच नहीं होने के कारण रामलीला के कलाकारों और दर्शकों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब लगभग 53 लाख रुपये की लागत से रंगमंच का निर्माण होने से यह वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होगी। रंगमंच में आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी, जिससे रामलीला के आयोजन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि घंटाघर क्षेत्र में नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स से कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, गोल बाजार, हनुमानगंज सहित आसपास के विस्तृत व्यापारिक क्षेत्र के व्यापारियों, ग्राहकों और आम नागरिकों को शौचालय एवं मूत्रालय की सुविधा मिल सकेगी। इससे क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और बाजार आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक, मेयर इन काउंसिल के सदस्य, विभिन्न दलों के पार्षद, घंटाघर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्री राजाराम यादव, गोविंद सचदेवा, सराफा बाजार व्यापारी संघ के प्रतिनिधि श्री आशीष सोनी, झंडा बाजार किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष अतुल सचदेवा, श्री राजेंद्र तिवारी, श्री रमेश सोनी, पूर्व पार्षद श्री अरुण कन्नौजिया एवं श्रीमती लता कनौजिया, केके शर्मा एडवोकेट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, रामकृष्ण गट्टानी, बाला गट्टानी, सतीश बजाज, संदीप गुड्डू यादव, सत्यम चौहान और ओंकार बहरे सहित सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।
घंटाघर रामलीला रंगमंच का भूमिपूजन और नवनिर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण संपन्न 53 लाख रुपये की लागत से बनेगा भव्य रंगमंच, व्यापारिक क्षेत्र के लोगों को मिलेगी शौचालय-मूत्रालय की सुविधा

