कटनी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 101 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन कटनी नगर में उत्साह और अनुशासन के साथ किया गया। नगर में तीन अलग-अलग स्थानों से प्रारंभ हुआ पथ संचलन विभिन्न मार्गों से होते हुए फॉरेस्टर प्लेग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान नगर के विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों ने स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा और दीप प्रज्वलन कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केल्ड्रीज इंडिया कटनी के प्रबंधक प्रियव्रत विश्वास ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अनुशासन अनुकरणीय है। संघ के स्वयंसेवक सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में अपनी अमिट छाप छोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि कटनी में इतनी बड़ी संगठित शक्ति को समाज परिवर्तन के लिए कार्य करते हुए महसूस कर रहा हूं। समाज की यह संगठित शक्ति देश को विकास के पथ पर आगे ले जा सकती है। हम सभी को मिलकर समाजहित के कार्यों में आगे आना चाहिए।
संगठन ही विजय का सूत्र : सुनील देव
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सागर से पहुंचे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सामाजिक समरसता संयोजक सुनील देव ने कहा कि संगठन ही विजय का सूत्र है। आज से 101 वर्ष पूर्व विजयादशमी के दिन ही डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी।
उन्होंने कहा कि भारत को पुनः परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने के लिए संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित कर तन, मन और धन से समाजहित के कार्यों में जुटना होगा। सभी मिलकर प्रयास करेंगे तो भारत को समृद्ध और शक्तिशाली बनाया जा सकता है। हमारा उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित, स्वाभिमानी और शक्तिशाली बनाकर भारत को विश्व गुरु के पद पर आसीन करना है।
सुनील देव ने कहा कि संघ समाज के बीच जाकर कार्य करता है। पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन की संकल्पना को साकार करना है। इसके लिए पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल का समुचित उपयोग करने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध जैसे विषयों पर सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।
मंच पर रहे संघ के पदाधिकारी
कार्यक्रम में विभाग संघ चालक विपिन तिवारी एवं नगर संघ चालक किशोर ओचानी मंचासीन रहे। इस अवसर पर जिला संघ चालक डॉ. अमित साहू, प्रांतीय अधिकारी राजकुमार जैन, विभाग कार्यवाह अमित कनकने, जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, प्रबुद्ध नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
संघ के 101वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित इस पथ संचलन में स्वयंसेवकों का अनुशासन और संगठन की एकजुटता देखने को मिली। नगर के विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों ने मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और दीप प्रज्वलन कर संचलन का स्वागत किया।
संघ के 101वें स्थापना वर्ष पर कटनी में निकला भव्य पथ संचलन अनुशासित स्वयंसेवकों ने दिया संगठन और सामाजिक समरसता का संदेश, तीन स्थानों से प्रारंभ होकर फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में हुआ समापन

