कटनी। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में पटाखों के सुरक्षित विक्रय और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में विजयराघवगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित अस्थाई पटाखा दुकानों एवं गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे तथा तहसीलदार मनीष शुक्ला के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान दुकान संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं विक्रय की समुचित व्यवस्था रखने तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकानों के आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए सतर्क रहने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसके मद्देनजर पटाखा दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण एवं निगरानी जारी रहेगी।
पटाखा दुकानों और गोदामों का पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने किया आकस्मिक निरीक्षण सुरक्षा मानकों और शासन की गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश, दुकानदारों को बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति किया जागरूक

